धमधा पुलिस की कार्रवाई: 1100 ग्राम गांजा और 21 हजार नकदी सहित आरोपी गिरफ्तार

धमधा | “ऑपरेशन विश्वास” के तहत धमधा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध मादक पदार्थों की बिक्री में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 1100 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत 16,000 रुपये है, और बिक्री से मिली 21,090 रुपये नकदी बरामद की गई। बरामद सामग्री की कुल कीमत 37,090 रुपये है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गोबरा पेंड्री स्थित शिवनाथ नदी के पास राधाकृष्ण मंदिर के बगल मंच में रामायण यादव (41 वर्ष), निवासी ग्राम दारगांव, धमधा, गांजा बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया। तलाशी में पीले झोले से दो पारदर्शी झिल्लियों में पैक गांजा—एक में लगभग 800 ग्राम और दूसरी में 260 ग्राम—मिला।
आरोपी के खिलाफ थाना धमधा में अपराध क्रमांक 129/2025, धारा 20(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में सउनि राजेन्द्र कुमार बघेल, आरक्षक शफीक मोहम्मद, अरुण चौहान और प्रशांत साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।














