
दुर्ग। ग्राम समोदा स्थित एक गोदाम से करीब 98 हजार रुपये कीमत की निर्माण सामग्री चोरी करने के मामले में जेवरा सिरसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी प्रकरण में गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में 3 विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका सामने आने पर उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 28 सितंबर 2026 की रात ग्राम समोदा नदी रोड स्थित गोदाम में हुई। प्रार्थी विमल कुमार ताम्रकार (52 वर्ष) को गोदाम के पास संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। करीब 12:25 बजे उन्होंने कुछ लोगों को गोदाम से सामान चोरी कर ले जाते देखा। आरोपियों को पकड़ने का प्रयास करने पर एक आरोपी ने लोहे के पाइप से उनके बाएं पैर के घुटने के नीचे चोट पहुंचाई और सभी आरोपी चोरी का सामान लेकर फरार हो गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 853/2026, धारा 307, 331(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी लोकेश चन्द्राकर और भगवंत देशमुख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान की।
जांच में चोरी की सामग्री कबाड़ी के पास बेचने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति को भी पकड़ा। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की सामग्री तथा बिक्री से प्राप्त रकम बरामद कर जब्त की गई।
आरोपी का नाम
1. लोकेश चन्द्राकर, उम्र 18 वर्ष 10 माह, निवासी ग्राम समोदा, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
2. भगवंत देशमुख, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम समोदा, गौरा चौरा के पास, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
3. ताकेश देशमुख, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम भेंगारी, गुण्डेडा, जिला बालोद, वर्तमान पता नरेन्द्र किराना स्टोर्स, गांधी चौक के पास, ग्राम समोदा, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
4. योगेश निषाद उर्फ बाऊ, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम समोदा, पंचायत भवन के सामने, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
5. पिलेश्वर उर्फ प्रवीण देशमुख, उम्र 18 वर्ष 8 माह, निवासी ग्राम समोदा, लीम चौरा के पास, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
6. अनुप मिश्रा उर्फ राजू, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम सिरसाखुर्द, दईहान के पास, मंच के पास, देवार पारा, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
मोटर पम्प से लेकर लोहे के स्क्रैप तक बरामद
पुलिस ने आरोपियों से 7.5 एचपी थ्री-फेस मोटर पम्प, 1 एचपी सिंगल-फेस कांक्रीट वाइब्रेटर, 3.5 टन क्षमता का हाइड्रोलिक जैक, 6 टन क्षमता के दो हाइड्रोलिक जैक, 2 टन क्षमता का प्लेट वाइब्रेटर, कांक्रीट पम्प का बेंड पाइप, करीब 40 किलो एल्युमिनियम अर्थिंग केबल और करीब 30 किलो लोहे का स्क्रैप बरामद किया है।
इसके अलावा एमएस पाइप के टुकड़े, नट-बोल्ट, घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त रकम में से 1,000 रुपये भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल वासु निषाद और गिरवर यादव फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
रात में गोदाम को बनाया निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रात के समय ग्राम समोदा स्थित गोदाम को निशाना बनाया और वहां रखी निर्माण एवं सिविल ठेकेदारी से संबंधित सामग्री चोरी की। चोरी के दौरान गोदाम मालिक द्वारा विरोध करने पर लोहे के पाइप से चोट पहुंचाई गई। इसके बाद चोरी की सामग्री को कबाड़ी के पास बेच दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी जेवरा सिरसा के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने सूचना संकलन, आरोपियों की पतासाजी, पूछताछ और चोरी की सामग्री बरामद करने के लिए कार्रवाई की।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि गोदाम, खेत, निर्माण स्थल और अन्य संपत्तियों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या चौकी को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर आरोपियों की पहचान और चोरी की संपत्ति की बरामदगी की जा सके।
















