
भिलाई। सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराना-धमकाना एक युवक को भारी पड़ गया। पुरानी भिलाई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक धारदार गुप्तीनुमा हथियार बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को सूचना मिली थी कि डबरापारा स्थित मुक्तिधाम के पास एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुरानी भिलाई की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार गुप्तीनुमा हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया। आरोपी की पहचान भगवत साहू (33 वर्ष), निवासी डबरापारा, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 631/2026 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर 1 नवंबर को गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी व्यक्ति को अवैध हथियार लेकर घूमते या लोगों को डराते-धमकाते देखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। ऐसे मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।















