
दुर्ग। जमीन खरीदकर अपना मकान बनाने का सपना देख रहे एक व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरे की जमीन को खुद की बताकर आरोपियों ने न केवल प्लॉट का सौदा किया, बल्कि रजिस्ट्री भी करा दी। इस पूरे मामले में शिकायतकर्ता से अलग-अलग किस्तों में 24 लाख 28 हजार रुपये वसूल किए गए। शिकायत की जांच के बाद दुर्ग पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता मोहन लाल देवांगन निवासी हाउसिंग बोर्ड कोहका, भिलाई ने 7 अप्रैल 2025 को पुलिस अधीक्षक दुर्ग के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वर्ष 2016 में मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने के सिलसिले में उसकी मुलाकात अवतार सिंह से हुई थी। आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ जमीन की खरीद-बिक्री का काम करने की बात कही और मौजा कोहका स्थित खसरा नंबर 1704/88 में 1200 वर्गफीट का प्लॉट दिखाकर सौदा तय किया।
इसके बाद 30 सितंबर 2016 को शिकायतकर्ता के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन की खरीद और मकान निर्माण के नाम पर उससे अलग-अलग समय पर कुल 23 लाख 28 हजार रुपये लिए गए। लेकिन बाद में उसे पता चला कि जिस जमीन पर मकान बनाया जा रहा था, वह वास्तव में माया सिंह नामक महिला की थी।
रकम लौटाने के लिए दिए चेक भी हुए बाउंस
मामले का खुलासा होने के बाद आरोपियों ने 22 सितंबर 2018 को इकरारनामा तैयार कर 23 लाख 28 हजार रुपये और एक लाख रुपये रजिस्ट्री खर्च सहित कुल 24 लाख 28 हजार रुपये लौटाने का आश्वासन दिया। इसके लिए भारतीय स्टेट बैंक, सुपेला शाखा के तीन चेक भी दिए गए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण तीनों चेक अनादरित हो गए।
फर्जी व्यक्ति खड़ा कर दोबारा रजिस्ट्री कराने का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने 16 मार्च 2021 को मौजा कोहका की खसरा नंबर 1704/2 स्थित 1200 वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री चिरंजीवन कोनार नामक व्यक्ति के पक्ष में कराई। आरोप है कि इसके लिए फर्जी व्यक्ति खड़ा करने और कूटरचित दस्तावेजों का सहारा लिया गया। साथ ही वास्तविक जमीन मालिक को भुगतान भी नहीं किया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की भूमिका की जांच जारी
शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के साक्ष्य मिलने पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1635/2026 के तहत धारा 420, 120बी और 34 भादवि में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने प्रकरण में अवतार सिंह और मनोज कुमार सोनी, दोनों निवासी भिलाई, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, जमीन से जुड़े दस्तावेजों और रजिस्ट्रियों की वैधानिकता की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला एवं चौकी स्मृतिनगर पुलिस की सराहनीय भूमिका रही।















