विधायक गजेन्द्र यादव पहुंचे वार्ड 20 आदित्यनगर, जनता से भेंट कर सुनी समस्याएं, किया पौधारोपण

दुर्ग। शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने मंगलवार को मॉर्निंग विजिट के तहत वार्ड 20 आदित्यनगर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों को लेकर सुझाव लिए। दुर्गेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित जनसंवाद बैठक में उन्होंने जनता की मांगों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण का आश्वासन
बैठक के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विधायक से मंदिर परिसर के पास स्थित खाली स्थान को व्यवस्थित करने की मांग की। बताया गया कि वहां क्षेत्र की महिलाएं और बुजुर्गजन धार्मिक आयोजन एवं बैठकों के लिए एक शांत और सुव्यवस्थित स्थान की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं। विधायक यादव ने इस मांग पर सहमति जताते हुए जल्द कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया।
योजनाओं की जानकारी साझा की
विधायक ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित लोगों के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और हर वार्ड में विकास की गूंज सुनाई दे।
नागरिकों के साथ किया पौधारोपण
इस जनसंवाद कार्यक्रम को यादगार बनाते हुए दुर्गेश्वर महादेव मंदिर परिसर में विधायक गजेन्द्र यादव ने क्षेत्रवासियों के साथ पौधारोपण किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और उनका संरक्षण करें।
पार्षद व नागरिकों ने किया स्वागत
विधायक के आगमन पर वार्डवासियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और वार्ड के विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की अपील की। इस मौके पर पार्षद कांशीराम कोसरे, लीलाधर पाल, संजय अग्रवाल, सावित्री दमाहे, सुरुचि उमरे, सुधा सिंह, केएस ओझा, तारण देवांगन, विजय बनोटे समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठजन और नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक ने कहा – जनता से सीधा संवाद ही मेरा संकल्प
विधायक गजेन्द्र यादव ने कहा कि “जनता जनार्दन की सेवा ही मेरा पहला कर्तव्य है। इसी संकल्प के तहत मैं लगातार वार्डों में जाकर आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहा हूँ और प्राथमिकता से समाधान करवा रहा हूँ।”
यह दौरा वार्डवासियों के लिए न सिर्फ संवाद का अवसर बना, बल्कि विकास के प्रति नई उम्मीदों की किरण भी लेकर आया।














