Breaking :दुर्ग नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद बवाल, इस्तीफे की मांग


दुर्ग | दुर्ग नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की जबर्दस्त हार के बाद मंगलवार को कांग्रेस भवन में नवनिर्वाचित पार्षदों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में मिठाई बंटी, लेकिन जैसे ही सम्मान का कार्यक्रम समाप्त हुआ, कांग्रेस नेताओं के बीच भारी हंगामा शुरू हो गया।
कांग्रेस नेता शिशिरकांत कसार ने विरोध स्वरूप ‘बड़े नेता शर्म करो, चुल्लू भर पानी में डूब मरो’ जैसे पोस्टर लहराए और वरिष्ठ नेताओं पर निशाना साधते हुए इस्तीफे की मांग की।

उनका कहना था कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव जीतने की कोई स्पष्ट रणनीति नहीं बनाई और पार्टी के लिए मेहनत करने वाले जमीनी कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं दिया गया। जिन उम्मीदवारों को टिकट दिया गया, उन्हें चुनावी मदद भी नहीं मिली, जिसके कारण पार्टी को भारी हार का सामना करना पड़ा।
पूर्व विधायक अरुण वोरा, पीसीसी महामंत्री राजेंद्र साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल और सभी ब्लॉक अध्यक्षों से इस्तीफे की मांग की गई। आक्रोशित कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि पार्टी में वरिष्ठ नेताओं की विफलता के कारण चुनावी पराजय हुई है, और अब जिम्मेदारी तय करने की जरूरत है।
वहीं, शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री पप्पू श्रीवास्तव और युकां नेताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पप्पू श्रीवास्तव ने युकां अध्यक्ष आयुष शर्मा की निष्क्रियता पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद आक्रोशित नेताओं ने आपस में धक्का-मुक्की की।
इसके अलावा, टिकट वितरण को लेकर भी कांग्रेस नेताओं में नाराजगी देखी गई। पद्मनाभपुर और पुलगांव वार्ड में प्रत्याशियों की टिकट में बदलाव को लेकर विरोध किया गया, वहीं वार्ड 7 में सरोज यादव को टिकट देने पर भी विवाद उत्पन्न हुआ।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में मिली हार के बाद अब नगर निगम चुनाव में भी पार्टी को शिकस्त मिली है। उन्होंने पार्टी की हार की समीक्षा करने और सभी प्रमुख पदाधिकारियों से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की, ताकि पार्टी में नए नेतृत्व के साथ कार्यवाही शुरू की जा सके।














