दुर्ग जनपद पंचायत की सामान्य सभा में हंगामा, बैठक स्थगित – 15वें वित्त आयोग की राशि को लेकर मचा बवाल

दुर्ग | दुर्ग जनपद पंचायत की सामान्य सभा गुरुवार को हंगामेदार रही। बैठक में पत्रकारों का प्रवेश वर्जित था, लेकिन बाहर से प्राप्त वीडियो फुटेज और सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, जनपद उपाध्यक्ष राकेश हीरवानी के नेतृत्व में आधा दर्जन से अधिक सदस्य अध्यक्ष के सामने धरने पर बैठ गए।
बताया जा रहा है कि विवाद 15वें वित्त आयोग की राशि के वितरण को लेकर हुआ। सत्ताधारी दल के 13 सदस्य इस राशि को आपस में बराबर बांटने की मांग कर रहे हैं, जबकि विपक्षी सदस्य इस पर नाराज हैं। जनपद में कुल 24 सदस्य हैं, जिनमें सत्ताधारी दल के 13 और विपक्ष के 11 सदस्य शामिल हैं।
जनपद उपाध्यक्ष हीरवानी ने आरोप लगाया कि 15वें वित्त की राशि का वितरण जनसंख्या के आधार पर न करके पक्षपातपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। इस मुद्दे पर उनके समर्थन में कुछ सदस्यों ने सदन के भीतर ही जमीन पर बैठकर विरोध दर्ज कराया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेश पांडे ने हस्तक्षेप करते हुए सदस्यों से अपनी-अपनी कुर्सियों पर बैठने का आग्रह किया, लेकिन हंगामे के चलते अंततः बैठक को स्थगित कर दिया गया।
बैठक के बाद नाराज विपक्षी सदस्यों ने बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभा स्थल से बाहर निकल गए। पूरे घटनाक्रम ने स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक माहौल में हलचल पैदा कर दी है।














