दुर्ग की बेटी नारायणी पांडे ने राज्य स्तरीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर रच दिया इतिहास

दुर्ग| दुर्ग जिले की बेटी नारायणी पांडे ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राज्य स्तरीय भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। खास बात यह है कि नारायणी अब तक की सबसे कम उम्र में गोल्ड मेडल जीतने वाली खिलाड़ी बन गई हैं।
नारायणी पांडे दुर्ग जिला महिला मोर्चा की कोषाध्यक्ष श्रीमती मंजु पांडे की सुपुत्री हैं। हाल ही में आयोजित 21 दिवसीय समर कैंप जो कि शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, महात्मा गांधी दुर्ग में संपन्न हुआ था, उसमें नारायणी ने भाग लेते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
नारायणी की इस उपलब्धि से ना सिर्फ उनके परिवार में खुशी की लहर है, बल्कि पूरे दुर्ग जिले में गर्व की अनुभूति हो रही है। क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने बिटिया रानी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं और ढेरों बधाइयां दी हैं।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए नारायणी को अनेक संस्थाओं और खेल प्रेमियों द्वारा सम्मानित किए जाने की भी खबर है। उनकी इस मेहनत और सफलता ने यह साबित कर दिया कि लगन और परिश्रम से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।














