ऑनलाइन ठगी में म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल, महिला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/कुम्हारी। थाना कुम्हारी पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी पर ठगी की रकम को अपने बैंक खाते में प्राप्त कर चेक के माध्यम से आहरण करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी निशा बेहरा निवासी डीएमसी तालाब पार, कुम्हारी ने अपने एसबीआई बैंक खाते को एक फेरीवाले को 10,000 रुपये कमीशन पर उपलब्ध कराया था। आरोपी के खाते में 4.50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की रकम जमा की गई, जिसे उसने अपने चेक से निकालकर फेरीवाले को सौंप दिया। इस पूरी प्रक्रिया में उसे 10,000 रुपये का कमीशन मिला।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी से उसका बैंक पासबुक, पैन कार्ड और चेक बुक जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं इस मामले में शामिल एक अन्य फेरीवाले आरोपी की तलाश जारी है।














