
दुर्ग। नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सुपेला पुलिस ने मंगलवार देर शाम मौर्या टॉकीज के पास स्थित चौहान स्टेट रॉक एंड रोल फर्स्ट फ्लोर पर संचालित एक अवैध हुक्का बार पर छापा मारा। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से हुक्का पीते तीन युवकों को गिरफ्तार किया, जबकि कुछ युवक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि हुक्का बार का संचालन सुपेला के दुकानदार राजकुमार मुगम द्वारा किया जा रहा था। आरोपी अपने दुकान में ग्राहकों को बैठाकर तंबाकूयुक्त हुक्का परोसता था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने हुक्का पॉट बड़े आकार के 2 नग, छोटे आकार के 2 नग, तीन डिब्बे मिक्स तंबाकू फ्लेवर, सिल्वर कॉइल पेपर और करीब आधा किलो लकड़ी कोयला सहित कुल 9,000 रुपए का सामान जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित खत्री (19 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी; निशांत नायक (25 वर्ष), निवासी प्रेमसागर चौक बैगापारा; और श्रेयांश चंद्राकर (24 वर्ष), निवासी बैगापारा, दुर्ग के रूप में हुई है। वहीं, हुक्का बार संचालक राजकुमार उर्फ सन मुगम (32 वर्ष), निवासी बालाजी नगर वार्ड 30, राम मंदिर के पीछे, थाना खुर्सीपार, को भी गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 1199/2025 धारा 21(क), 21(ख), 4(क) सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय यादव, उप निरीक्षक चितराम ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक अमरदास गंगेले, आरक्षक धर्मेंद्र सूर्यवंशी और बंसंत मढऱिया की विशेष भूमिका रही। सुपेला पुलिस की यह कार्रवाई शहर में अवैध हुक्का बार संचालकों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।














