
दुर्ग : दुर्ग पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देर रात चलाए गए विशेष कॉम्बिंग अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। जिले में दर्ज प्रकरणों में न्यायालयों से जारी स्थायी और गिरफ्तारी वारंट के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 78 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 35 स्थायी वारंटी और 43 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 16–17 नवंबर की दरम्यानी रात जिलेभर में एक साथ अभियान चलाया गया। सुपेला थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 21 वारंटियों की गिरफ्तारी हुई। इसके अलावा भिलाई नगर, भिलाई भट्टी, दुर्ग, अंजोरा, नगपुरा, स्मृतिनगर, वैशाली नगर, छावनी, खुर्सीपार, पुरानी भिलाई, पाटन और अंडा से 1-1 आरोपी गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी वारंटों की कार्रवाई में छावनी से 7, जामुल से 5, रानीतराई से 4, भिलाई नगर, नेवई और वैशाली नगर से 3-3, जबकि पद्मनाभपुर, सुपेला, खुर्सीपार, उत्तई और धमथा से 2-2 आरोपी गिरफ्त में आए। इसके अलावा दुर्ग, पुलगांव, भिलाई भट्टी, पुरानी भिलाई, अमलेश्वर, जामगांव (आर), लिटिया और नंदिनी नगर से 1-1 फरार आरोपी पकड़ा गया।
अभियान में जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ तैनात रहे। पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग राजपत्रित अधिकारियों द्वारा लगातार की गई। पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपियों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।














