ईश्वर की अनुपम कृति हैं महिलाएं : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि महिलाएं ईश्वर की अनुपम कृति हैं। ईश्वर ने उन्हें विशेष शक्तियां और क्षमताएं दी हैं। अपनी लगन, मेहनत और काबिलियत के बल पर महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है और ऊंचाइयां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों का सम्मान हमारी संस्कृति और परंपरा में प्राचीन काल से विशेष स्थान रखता है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव रायपुर के शासकीय मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर स्वच्छता, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों, महिला हितग्राहियों और स्वसहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में श्री साव ने नगरीय निकायों में हर महीने स्वच्छता के आंकलन के लिए छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए 14 मार्च से 15 दिनों के विशेष शिविर आयोजित करने की घोषणा भी की। समारोह में प्रदेशभर से आई स्वच्छता दीदियों, महिला हितग्राहियों और स्वसहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रसिद्ध लोक गायिकाओं गरिमा दिवाकर व स्वर्णा दिवाकर के फाग गीतों पर झूम उठीं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि महिलाओं को जीवन में कभी निराश नहीं होना चाहिए। महिलाएं संघर्ष और करुणा की प्रतिमूर्ति हैं और उनमें अद्भुत क्षमता व शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय बने, उज्ज्वला योजना से रसोई गैस मिली और जल जीवन मिशन ने महिलाओं की दिनचर्या में बड़ा बदलाव लाया है। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘वीमेन फॉर ट्री’ जैसी योजनाओं ने महिलाओं के सम्मान को और बढ़ाया है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के शहरों में स्वीकृत दो लाख 44 हजार प्रधानमंत्री आवासों में से एक लाख 77 हजार आवास महिलाओं के नाम से स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं को अपने नाम का पक्का घर मिला है। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत राज्य की 70 हजार महिला स्ट्रीट वेंडर्स को 88 करोड़ रुपए से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया गया है।
रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य और शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर जो प्रतिष्ठा मिलती है, उसमें महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समारोह के आयोजन के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा और सहयोग से योजनाओं को जमीन पर उतारा जा रहा है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने स्वागत भाषण में कहा कि विभाग के कार्यों में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। स्वच्छता दीदियों और स्वसहायता समूहों के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में उनकी बड़ी भूमिका है।
समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों की स्वच्छता दीदियों के प्रतिनिधि के रूप में बिलासपुर की रामेश्वरी सागर, कुम्हारी की मंजू देवांगन, बिल्हा की संपति यादव, अंबिकापुर की संगीता गुप्ता, विश्रामपुर की भारती गुप्ता और पाटन की लता मंडलेश को सम्मानित किया गया। इसके अलावा रायपुर की मांडवी कौशिक, बीरगांव की बिमला साहू, कुम्हारी की त्रिवेणी साहू, बगीचा की सुमन तिर्की, बिलासपुर की पल्लवी विजय क्षत्री, लोरमी की दुर्गा राजपूत और बगीचा की प्रभा यादव को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में निर्धारित समय में प्रधानमंत्री आवास का निर्माण पूर्ण करने पर रायपुर की रजनी ध्रुव, कुम्हारी की गीता पाल और बीरगांव की पलक देवांगन को 32 हजार 850 रुपए के चेक प्रदान किए गए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत रायपुर नगर निगम की स्ट्रीट वेंडर्स लक्ष्मी साहू, रत्ना दीप और बी. लावण्या को 50-50 हजार रुपए के चेक भी सौंपे गए।














