दुर्ग में दिनदहाड़े हत्या से हड़कंप, गुंडा बदमाश को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

दुर्ग। दुर्ग शहर के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र स्थित कुंदरापारा में रविवार देर रात एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लेखराम कोठारी के रूप में हुई है, जिसे पुलिस के प्रारंभिक रिकॉर्ड के अनुसार स्थानीय स्तर पर गुंडा बदमाश माना जाता था।
घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लेखराम कोठारी हाल ही में धारा 151 के तहत कार्रवाई के बाद जेल से छूटकर आया था। रविवार रात कुंदरापारा इलाके में कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल लेखराम की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।












