
दुर्ग। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बघेरा वार्ड क्रमांक-56 के प्राचार्य जी.एस. बंधोर के सेवानिवृत्त होने पर शाला विकास एवं प्रबंधन समिति, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा वार्डवासियों की ओर से भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।
प्राचार्य जी.एस. बंधोर वर्ष 2009 से 30 जून 2025 तक लगातार 17 वर्षों तक विद्यालय में पदस्थ रहे। इस दौरान उन्होंने सेवाभाव, अनुशासन, समर्पण और कुशल नेतृत्व के साथ विद्यालय के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। समारोह में उनके कार्यकाल को विद्यालय का स्वर्णिम काल बताते हुए उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान अध्यापक श्री चंद्राकर, शासकीय प्राथमिक शाला बघेरा की प्रभारी प्रधान पाठिका श्रीमती शिवानी, शिक्षाविद मनोहर पटेल तथा शाला समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सदस्य भागीरथी मलघाटी का भी शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति की सांसद प्रतिनिधि ममता देवांगन (पूर्व पार्षद), अध्यक्ष विद्या नामदेव (पूर्व एल्डरमैन), हिरमौती ठाकुर सहित तीनों शालाओं की समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन भूपेन्द्र सिंह राजपूत ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पूर्व पार्षद एवं शाला समिति के वरिष्ठ सदस्य अरुण यादव ने किया। कार्यक्रम की जानकारी अरुण यादव (पूर्व पार्षद), बघेरा द्वारा दी गई।













