ऑटो में बैठाकर 74 हजार की चोरी, पुरानी भिलाई पुलिस ने चालक और साथी को दबोचा

भिलाई। पुरानी भिलाई पुलिस ने ऑटो में सवार यात्री की जेब से 74 हजार रुपये चोरी करने वाले ऑटो चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों ने बैंक में रकम जमा कराने जा रहे यात्री को ऑटो में बैठाकर सीट बदलने और वाहन खराब होने का बहाना बनाते हुए योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी अरविंद कुमार (32 वर्ष) निवासी कन्या शाला स्कूल के पास, भिलाई ने थाना पुरानी भिलाई में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 15 जुलाई 2026 को वह जीई रोड स्थित अपने कार्यालय से केनरा बैंक, बरोदा शाखा में 74 हजार रुपये जमा कराने जा रहा था। इस दौरान वह एक नीले-सफेद रंग के ऑटो में सवार हुआ, जिसमें पहले से दो युवक बैठे हुए थे।
रास्ते में ऑटो चालक ने पहले उसे पीछे और फिर आगे की सीट पर बैठाया। इसके बाद बैंक तक ले जाने के बजाय ज्योति कटिंग, चरोदा के पास वाहन खराब होने का बहाना बनाकर उतार दिया। वहां पहुंचने पर अरविंद ने जेब की जांच की तो उसमें रखे 74 हजार रुपये गायब थे। शिकायत के आधार पर थाना पुरानी भिलाई में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर ऑटो क्रमांक CG 07 DB 6016 के चालक और उसके साथी को हिरासत में लिया। पहचान परेड में पीड़ित ने दोनों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बॉबी गुरजीत सिंह (31 वर्ष) और धीरज वर्मा (20 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (बॉम्बे आवास), जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी बॉबी गुरजीत सिंह के खिलाफ सुपेला थाना क्षेत्र में मारपीट और चोरी के अन्य मामले भी दर्ज हैं।
घटना स्थल :
जीई रोड से केनरा बैंक मार्ग, ज्योति कटिंग, चरोदा के पास, थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र।
आरोपी का नाम :
1. बॉबी गुरजीत सिंह, उम्र 31 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (बॉम्बे आवास), जामुल, जिला दुर्ग।
2. धीरज वर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी (बॉम्बे आवास), जामुल, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री :
घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG 07 DB 6016।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक परिवहन में यात्रा के दौरान नकदी और कीमती सामान सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।












