सशक्त ऐप की मदद से दुर्ग पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दुपहिया वाहन चोरी का आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग : दुर्ग पुलिस द्वारा सशक्त ऐप के प्रभावी उपयोग से लगातार वाहन चोरी के मामलों में सफलता मिल रही है। इसी कड़ी में भिलाई नगर थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी करने वाले एक आदतन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई स्कूटी बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 जनवरी 2026 को प्रार्थिया ने थाना भिलाई नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी होंडा एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG 07 BD 3682, सफेद रंग) अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई है। यह स्कूटी उसकी मां के नाम पर पंजीकृत थी, जिसे वह स्वयं उपयोग करती थी।
प्रार्थिया ने बताया कि 7 जनवरी 2026 की सुबह वह सेक्टर-10 भिलाई स्थित सड़क नंबर 24 में एक घर पर काम करने गई थी। उसने अपनी स्कूटी सुबह करीब 7:30 बजे घर के बाहर खड़ी की थी। काम समाप्त कर करीब 8 बजे बाहर आने पर स्कूटी मौके से गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला।

मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 17/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सशक्त ऐप के माध्यम से संदिग्धों की पतासाजी की, जिसमें आरोपी अंशुल सैनी (उम्र 18 वर्ष), निवासी सेक्टर-10 भिलाई को चिन्हित किया गया।
पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरण्डम कथन के आधार पर चोरी की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी को गवाहों की मौजूदगी में बरामद कर जप्त किया गया।
आरोपी अंशुल सैनी को 14 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।














