
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है। बदलापुर ईस्ट इलाके में साड़ी को लेकर हुए घरेलू विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनीतादेवी हरराम सिंह (30), जो मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली हैं, ने 19 जुलाई को अपने पति हरराम किशुनजी सिंह (35) के साथ साड़ियां नहीं लाने को लेकर हुए विवाद के दौरान पहले उन पर प्रेशर कुकर के ढक्कन से हमला किया। इसके बाद कथित रूप से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
घटना के बाद महिला ने पुलिस को बताया कि पति की मौत एक हादसा थी। उसके बयान के आधार पर शुरुआत में आकस्मिक मौत (Accidental Death) का मामला दर्ज किया गया। हालांकि, सरकारी अस्पताल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटने से दम घुटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की दोबारा जांच शुरू की।
बदलापुर ईस्ट पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक नितिन पाटिल ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और मृतक के परिजनों तथा मकान मालिक से पूछताछ के बाद पत्नी पर संदेह गहरा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को स्थानीय अदालत ने आरोपी महिला को 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग भी इस वारदात से हैरान हैं।













