
भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार, डंडा और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को योगेश सूर्यवंशी सेक्टर-06 स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान DPS चौक के पास आरोपियों ने उसका पीछा करते हुए पीछे से हमला कर दिया। हमले में योगेश वाहन से गिर गया, जिसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार और डंडे से मारपीट कर उसकी हत्या का प्रयास किया।
घटना के बाद थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत धारा 109(1), 296, 3(5), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रखर चंद्राकर (26), निवासी नेवई और सुधांशु उर्फ बॉम्सी (23), निवासी रिसाली को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में आरोपी अमन मूर्ति और हरीश यादव की गिरफ्तारी पूर्व में हो चुकी है।
पुलिस जांच में आरोपी प्रखर चंद्राकर के खिलाफ पूर्व में 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना भी सामने आया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार, एक डंडा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और रंजिश की स्थिति में कानून हाथ में न लें तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।















