
दुर्ग, 25 सितंबर 2026। साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत शुक्रवार को उतई के मंगल भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
दुर्ग पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगन मिलन सेवा, पोषण अभियान और महतारी मेगा हेल्थ कैंप के साथ साइबर जागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया सुरक्षा पर दी जानकारी
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। विशेष रूप से डेटा प्राइवेसी, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया।
पुलिस ने समझाइश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतें और अनजान लोगों के साथ व्यक्तिगत अथवा वित्तीय जानकारी साझा करने से बचें।
OTP, PIN और CVV साझा न करने की अपील
प्रतिभागियों को बताया गया कि बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन से संबंधित OTP, PIN, CVV, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अज्ञात एप्लीकेशन डाउनलोड करने और अनजान नंबरों से आए संदेशों का जवाब देने से भी बचने की सलाह दी गई।
पुलिस ने साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना देरी 1930 पर शिकायत दर्ज करने की जानकारी दी। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को होल्ड या रिकवर करने की संभावना बढ़ सकती है। साथ ही घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, सहकारी समिति दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, नगर पंचायत उतई की अध्यक्ष सरस्वती साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
महिला एवं बाल विकास विभाग से CDPO उषा झा, महिला सुपरवाइजर प्रमिला वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक IUCAW ममता देवांगन, रेंज साइबर थाना के उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय, दुर्ग पुलिस रक्षा टीम और थाना उतई का पुलिस स्टाफ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहा।
दुर्ग पुलिस ने की जागरूक रहने की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय अपनी व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। OTP, PIN, CVV, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल 1930 पर शिकायत करें और नजदीकी पुलिस थाना अथवा संबंधित साइबर माध्यम से घटना की जानकारी दें। पुलिस ने लोगों से स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
















