छत्तीसगढ़ में दो दिन तक मौसम रहेगा बदला-बदला, आंधी-तूफान और बारिश के आसार

रायपुर | प्रदेश में मौसम ने करवट ली है और आने वाले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, राज्य के कुछ हिस्सों में आज हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में तेज अंधड़ और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है।







राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। यहां गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद जताई जा रही है।




पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान दुर्ग में सर्वाधिक 39.5 डिग्री सेल्सियस और जगदलपुर में सबसे कम न्यूनतम 21.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों पर वज्रपात के समय ना रुकने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से सावधानी बरतने को कहा है। किसान वर्ग के लिए भी यह मौसम परिवर्तन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।