पुलिस ने नशीली टैबलेट बिक्री के दो आरोपियों को बिहार से किया गिरफ्तार

डोंगरगढ़। थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने नशीली टैबलेट की अवैध बिक्री के मामले में साजन कुमार कनसारा को गिरफ्तार किया है, जो दंतेश्वरी पारा, डोंगरगढ़ का निवासी है। आरोपी को खैरागढ़ रोड स्थित कक्कड़ पेट्रोल पंप के सामने नशीली टैबलेट बेचते हुए धर दबोचा गया।
उसके कब्जे से कुल 200 निट्राजेपाम टैबलेट और 500 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जांच में आरोपी ने बताया कि उसने ये नशीली टैबलेट बिहार के भागलपुर जिले के ग्राम सबोर के पास रहने वाले नफीज परवेज उर्फ अक्षय उर्फ असलम से खरीदी थीं। इस पर पुलिस ने बिहार में एक टीम भेजकर नफीज परवेज को भी गिरफ्तार किया है। नफीज परवेज फतेहपुर मुकेरीटोला, थाना जीरो माइल, भागलपुर बिहार का निवासी है।
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग और एसडीओपी आशीष कुंजाम के निर्देशानुसार पुलिस पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस नशीली दवाओं की तस्करी रोकने के लिए सतर्क है और लोगों से भी इस तरह की गतिविधियों की सूचना देने का आग्रह किया है।














