NEET PG 2025: एडमिट कार्ड आ गया है, लेकिन क्या आप जानते हैं परीक्षा हॉल में क्या ले जाना है, क्या नहीं?

नई दिल्ली | नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) ने NEET PG 2025 परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट natboard.edu.in या nbe.edu.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड डाक के माध्यम से नहीं भेजा जाएगा।
NEET PG परीक्षा एमबीबीएस के बाद मेडिकल कॉलेजों में एमडी, एमएस और पीजी डिप्लोमा कोर्सेज में प्रवेश के लिए अनिवार्य है। यह परीक्षा 3 अगस्त 2025 को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) होगी और इसमें कुल 200 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे जाएंगे। देशभर के 233 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ स्थायी/अस्थायी SMC/MCI/NMC रजिस्ट्रेशन की फोटोकॉपी, वैध फोटो पहचान पत्र (आधार, पैन कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस) और एक हालिया पासपोर्ट साइज फोटो (एडमिट कार्ड पर चिपकाई गई) ले जाना अनिवार्य है।
NBE ने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, स्मार्टवॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा संबंधी सूचना केवल आधिकारिक वेबसाइट और व्हाट्सएप चैनल से ही प्राप्त करें, सोशल मीडिया पर वायरल फर्जी नोटिसों से बचें।














