
दुर्ग/पुलगांव। चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक पर धारदार चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 4 अगस्त 2025 की रात करीब 9 बजे की है, जब ग्राम सिरसाखुर्द निवासी प्रार्थी कमल कुंभकार (उम्र 30 वर्ष) नया तालाब के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी प्रहलाद यादव (उम्र 53 वर्ष) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे धारदार चाकू से प्रार्थी पर हमला कर दिया। इस हमले में प्रार्थी के दाहिने हाथ के पंजे और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलगांव थाना अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 322/2025 धारा 296, 119(1), 351(2) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक खगेन्द्र पठारे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ घंटों में आरोपी प्रहलाद यादव को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू (फल की लंबाई 6.1 इंच, चौड़ाई 2.5 सेमी, मुठ की लंबाई 4.5 इंच) भी आरोपी के कब्जे से जब्त कर लिया गया है।
आरोपी को 5 अगस्त 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्यवाही में सउनि बसंत राम भोई, आरक्षक हेमेन्द्र बंछोर एवं नरेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धारदार हथियार के साथ हमला कर दहशत फैलाने वाला आरोपी पुलिस गिरफ्त में, पुलगांव थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम।














