
दुर्ग। थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने नौकरी लगाने का झांसा देकर युवतियों से लाखों रुपये ठगने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला 3 अक्टूबर 2025 का है। पीड़िता ने थाना आकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह निजी नौकरी की तलाश में थी। अप्रैल माह में सहेली के जरिए जानकारी मिली कि बोरसी स्थित कदम प्लाजा में गुडवे इंडियन फैशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी नौकरी दिला रही है।
पीड़िता और उसकी सहेलियों ने कंपनी के ब्रांच मैनेजर सत्यम पटेल, साहिल कश्यप और रामभरोष साहू से संपर्क किया। आरोपियों ने पहले ट्रेनिंग और रजिस्ट्रेशन के नाम पर ₹3,000-₹3,000 वसूले। इसके बाद कंपनी की ड्रेस, नामिनी, आईडी और इंश्योरेंस के लिए प्रत्येक से ₹46,000 जमा कराए। नौकरी दिलाने का झांसा देकर सभी युवतियों से ठगी की गई।
जांच में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी
- राम भरोष साहू (22 वर्ष), जिला कवर्धा
- सत्यम पटेल (23 वर्ष), जिला जबलपुर
- साहिल कश्यप (25 वर्ष), ग्राम सेलर, बिलासपुर
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह गिरोह और कितने लोगों को शिकार बना चुका है, इसकी पड़ताल की जा रही है।














