
दुर्ग | दीपावली से ठीक पहले सामाजिक बुराई जुए के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए जिलेभर में बड़ा अभियान चलाया। इस विशेष कार्रवाई के तहत ग्राम करगा, अमलेश्वर स्थित एक फार्म हाउस में चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने दबिश दी और मौके से छह आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1,11,230 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, एक बुलेट मोटरसाइकिल और दो चारपहिया वाहन समेत कुल 20 लाख 61 हजार 201 रुपये की संपत्ति जब्त की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा ने बताया कि दीपावली के मौके पर जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 19 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जुआं जैसे सामाजिक अपराधों में संलिप्त लोगों पर सघन निगरानी रखी गई और कई स्थानों पर दबिश दी गई।

अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों — अमलेश्वर, कुम्हारी, उतई, धमधा, नेवई, छावनी, जेवरा सिरसा और अंजोरा — में कुल 14 मामलों में कार्रवाई की गई। पुलिस ने 54 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 52 ताश की पत्तियाँ, 1,45,970 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन और दो चारपहिया वाहन जब्त किए। बरामद की गई कुल संपत्ति की कीमत लगभग 20 लाख 61 हजार रुपये आंकी गई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।














