
दुर्ग। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, दुर्ग इकाई के नवगठित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को आनंद रिसॉर्ट, पुलगांव चौक दुर्ग में भव्य रूप से आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने की।


मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह ने अध्यक्ष अनूप गटागट सहित सभी नवपदस्थ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “चेम्बर ऑफ कॉमर्स सरकार और व्यापारियों के बीच सेतु का कार्य करता है। सरकार ने वर्ष 2024 में नई औद्योगिक नीति लागू की है, जिसका लाभ न केवल व्यापारियों को बल्कि पूरे प्रदेश को मिलेगा।”

डॉ. सिंह ने कहा कि राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ का बजट लगभग 8 से 9 करोड़ रुपये था, जो आज बढ़कर 160 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह राज्य की आर्थिक प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने एम्स, टेक्निकल यूनिवर्सिटी और आईआईटी जैसे संस्थानों के खुलने को प्रदेश की उपलब्धि बताते हुए कहा कि इनसे छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के शीर्ष तीन आर्थिक रूप से सशक्त राज्यों में शामिल होगा।


अपने संबोधन में मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने हमेशा समाज और व्यापार जगत के बीच संतुलन का कार्य किया है। उन्होंने कहा, “जय व्यवहार, जय व्यापार – यही सफलता की कुंजी है। अच्छा व्यवहार ही एक व्यापारी की असली पूंजी होती है।” उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पीडीएस प्रणाली और किसानों को सीधे खाते में राशि हस्तांतरण जैसी योजनाएँ राज्य की पहचान बन चुकी हैं।
मंत्री यादव ने कोरोना काल में चेम्बर ऑफ कॉमर्स के योगदान को सराहते हुए कहा कि संकट के समय संस्था ने सेवा और सहयोग की मिसाल पेश की। उन्होंने नई कार्यकारिणी को समाजहित में कार्य करने के लिए शुभकामनाएँ दीं।
समारोह में चेम्बर के प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी, व्यापारी बंधु, सामाजिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।














