मतदाता सूची का विशेष सघन पुनरीक्षण जारी, 4 दिसंबर तक बीएलओ को गणना प्रपत्र जमा करें — प्रशासन की अपील

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का विशेष सघन पुनरीक्षण कार्य जिले में जारी है। इस अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) प्रत्येक मतदाता के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं।
निर्वाचन विभाग ने बताया कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर निर्धारित की गई है। निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रपत्र जमा नहीं करने पर संबंधित मतदाता का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। इस स्थिति में मतदाता को दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने, नाम पुनः जुड़वाने या अन्य प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ सकता है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस विशेष पुनरीक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लें और अपने बीएलओ को पूरा सहयोग दें।
अगर गणना प्रपत्र भरने में कोई कठिनाई हो तो मतदाता अपने बीएलओ, जोन कार्यालय स्थित हेल्प डेस्क या टोल फ्री नंबर 0788-2294303 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रत्येक बीएलओ के मोबाइल नंबर गणना प्रपत्र पर दर्ज हैं।
प्रशासन ने यह भी बताया कि मतदाता दो पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें। वर्ष 2003 के विशेष सघन पुनरीक्षण में अपने या परिवार के किसी सदस्य का नाम जांचने के लिए https://voters.eci.gov.in वेबसाइट, जोन कार्यालय हेल्प डेस्क या संबंधित बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है।
निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि समय पर गणना प्रपत्र जमा कर अपने मतदान अधिकार को सुनिश्चित करें।














