तेज रफ्तार और स्टंटबाजी करने वाले युवक की गिरफ्तारी, कार सहित चार साथी भी आए पुलिस की गिरफ्त में — नेवई थाना की कार्रवाई

दुर्ग। जिले के नेवई थाना पुलिस ने तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से कार चलाकर सड़क पर स्टंट करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक और उसके साथियों के खिलाफ बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
घटना 25 नवंबर 2025 की है, जब उतई–नेवई मेन रोड के ओवरब्रिज के पास कार क्रमांक CG 07 CN 6610 के चालक और कार में मौजूद अन्य युवकों द्वारा लापरवाहीपूर्वक स्टंट करने का वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो के आधार पर पेट्रोलिंग आरक्षक अरुण मिश्रा ने थाना नेवई में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद 26 नवंबर को अपराध क्रमांक 384/2025 धारा 281 बीएनएस एवं एमवी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस पंजीबद्ध किया गया।
जांच के दौरान वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार चालक मेराज शाह पिता आजाद शाह, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम उमरपोटी थाना उतई, को घटनास्थल पर स्टंट करते स्पष्ट रूप से पाया। पुलिस ने कार को जप्त करते हुए मेराज शाह को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में अग्रसर किया।
कार में मौजूद अन्य स्टंटबाज युवक —
- रहमान साव, उम्र 22 वर्ष, निवासी उल्लासनगर कोहका थाना सुपेला
- अदनान खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी डिप्रापारा दुर्ग
- चंदन शाह, उम्र 24 वर्ष, निवासी स्टेशन मरौदा, एचएससीएल कालोनी, थाना नेवई
- हुसैन शाह, उम्र 21 वर्ष, निवासी जुनवानी थाना स्मृतिनगर
— भी मौके से फरार हो गए थे। पहचान स्थापित होने पर चारों को पकड़ा गया और उनके खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कमल सिंह सेंगर, उनि सुरेंद्र तारम, प्रधान आरक्षक जगतपाल जांगड़े, प्रधान आरक्षक हेमंत चंदेल, आरक्षक अरुण मिश्रा और आरक्षक शाहबाज खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की चेतावनी:
नेवई पुलिस ने साफ किया है कि भविष्य में यदि कोई चालक सड़क पर स्टंट करते पाया जाएगा तो उसके खिलाफ भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।














