
दुर्ग। दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के संचालन को लेकर छत्तीसगढ़ शासन ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। सहकारिता विभाग द्वारा बैंक की कार्यप्रणाली को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से अस्थायी प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। इस संबंध में आदेश 15 दिसंबर 2025 को जारी किया गया।
आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक, सहकारी संस्थाएं, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह अस्थायी समिति बैंक के संचालक मंडल से जुड़े सभी अधिकारों और दायित्वों का निर्वहन करेगी। शासन ने प्रीतपाल बेलचंदन को इस समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगी।
अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय पूर्व में जारी आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए लिया गया है, ताकि बैंक से संबंधित प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों के संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। आदेश पर पंजीयक, सहकारी संस्थाएं, छत्तीसगढ़ के हस्ताक्षर एवं कार्यालयीन मुहर अंकित है। साथ ही इसकी प्रतियां संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी गई हैं।
गौरतलब है कि प्रीतपाल बेलचंदन तीसरी बार दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जिससे सहकारी क्षेत्र में उनके अनुभव और विश्वास को मजबूती मिलती है।
इस अवसर पर CG सुपरफास्ट न्यूज चैनल के संपादक सुरेश गुप्ता की ओर से प्रीतपाल बेलचंदन को ढेर सारी शुभकामनाएं और बधाई दी गई है। उम्मीद जताई गई है कि उनके नेतृत्व में बैंक की कार्यप्रणाली और अधिक सशक्त व पारदर्शी बनेगी।














