भिलाई नगर में कथा आयोजन के दौरान पुलिस की सख्त निगरानी, संदिग्धों पर की गई कार्रवाई

भिलाई नगर। सेक्टर-6 क्षेत्र में आयोजित दिव्य श्री हनुमंत कथा कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से भिलाई नगर पुलिस द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। इस दौरान कथा पंडाल एवं उसके आसपास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर कड़ी नजर रखी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर थाना भिलाई नगर की टीम ने चोरी, लूट, चैन स्नेचिंग और पॉकेटमारी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए अलग से विशेष दल तैनात किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कार्यक्रम स्थल के आसपास कुछ संदिग्ध महिला एवं पुरुष बिना पहचान पत्र के घूम रहे हैं, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं।
जांच के दौरान पुलिस ने पंडाल क्षेत्र में घूम रहे बाहरी राज्यों के कुछ संदिग्धों को रोका और उनसे पूछताछ की। पूछताछ में इनके पास किसी भी प्रकार का पास या पहचान पत्र (आधार कार्ड) नहीं पाया गया। इसके बाद सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की गई।
पुलिस ने इन संदिग्ध महिला एवं पुरुषों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर माननीय एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को रोकने के लिए बाहरी राज्यों से आने वाले गिरोहों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
भिलाई नगर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और बड़े आयोजनों के दौरान सतर्कता बनाए रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।














