जशपुर में सड़क सुरक्षा को मिला नया संबल, 222 ‘सड़क सुरक्षा मितान’ हुए सम्मानित

गणेश यादव जिला संवाददाता :-
जशपुर : जशपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और समय पर जीवनरक्षक सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की एक सराहनीय पहल सामने आई है। इस क्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिले के 222 सड़क सुरक्षा मितानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सभी मितानों को सड़क सुरक्षा किट और प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
यह कार्यक्रम 30 दिसंबर 2025 को आयोजित किया गया, जिसमें उन स्वयंसेवकों को सम्मान दिया गया, जिन्हें पहले ही सड़क दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित सहायता देने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा चुका है। इन मितानों की भूमिका दुर्घटनाओं के समय गोल्डन आवर में घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में अहम मानी जा रही है।

कलेक्टर जशपुर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर के निर्देशन में जिले के चयनित युवाओं और स्वयंसेवकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण में दुर्घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचने, यातायात नियंत्रण, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और एम्बुलेंस व पुलिस से समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई।
रेडक्रॉस सोसायटी जशपुर और जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में इन सड़क सुरक्षा मितानों को दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया था। इसमें रक्तस्राव रोकने, फ्रैक्चर की स्थिति में प्राथमिक उपचार, सीपीआर, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी और दुर्घटना स्थल की सुरक्षा जैसे जीवनरक्षक उपाय सिखाए गए।
सम्मान समारोह में सांसद, विधायक, कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस भविष्य में सड़क सुरक्षा मितानों के साथ मिलकर प्रथम प्रतिक्रिया दल के रूप में कार्य करेगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।
जिला पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के जनहितकारी और जीवनरक्षक कार्यक्रम आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता और सहयोग दोनों को मजबूत किया जा सके।














