
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सरकार के सेवानिवृत्त हजारों पेंशनर जीवित प्रमाण पत्र समय पर जमा करने के बाद भी पेंशन से वंचित हैं। छत्तीसगढ़ के हजारों पेंशनरों में बैंकों के प्रति व्यापक नाराजगी है। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज नायक और संरक्षक विजय कुमार झा ने बताया कि पूर्व में ही जीवित प्रमाण पत्र लेने संबंधी व्यवस्था को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की नाकामी बताते हुए “जिंदा व्यक्ति को मैं जीवित हूं” कहकर आवेदन-निवेदन करना दुर्भाग्यजनक है।

इसके बाद भी पेंशनर्स नियम-कानून का पालन करने वाले वरिष्ठ नागरिक हैं। उन्होंने नवंबर माह में ही जीवित प्रमाण पत्र जमा कर दिया था। इसके बाद भी नए वर्ष में पेंशन प्राप्त नहीं हुई है। श्री नायक ने कहा है कि यदि कल सोमवार को वृद्ध पेंशनरों के खातों में पेंशन जमा नहीं होती है, तो बैंकों का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के सचिव बेनी राम गायकवाड़, प्रांतीय महामंत्री उमेश मुदलियार, संभागीय अध्यक्ष विमल कुंडू, बीपी कुरील, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्षा सविता राय अदक, राकेश त्रिवेदी, यशवंत भोंसले, विश्वनाथ ध्रुव, राजेंद्र उमाठे आदि नेताओं ने पेंशन प्राप्त न होने पर नाराजगी व्यक्त की।














