
दुर्ग। माल परिवहन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ट्रक चालक और वाहन मालिक ने आपराधिक साजिश रचकर उद्योग से माल लेकर उसे निर्धारित स्थान पर न पहुंचाकर बेच दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
प्रार्थी प्रदीप कुमार शुक्ला ने 7 जनवरी 2026 को चौकी अंजोरा (थाना पुलगांव) में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया कि ट्रक क्रमांक CG-04-PR-8522 के चालक अमल खान एवं वाहन स्वामी तरुण कुमार यादव ने 29 दिसंबर 2025 को मित्तल इंडस्ट्रीज, रसमड़ा-बोराई (जिला दुर्ग) से एचसी वायर एवं वाइंडिंग वायर कुल 12 टन 50 किलो, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 56 हजार 699 रुपये है, को पुणे स्थित मौली उद्योग तक पहुंचाने का आश्वासन देकर प्राप्त किया था। लेकिन माल को गंतव्य तक न पहुंचाकर आरोपियों ने उसका गबन कर लिया।
मामले की जांच के बाद थाना पुलगांव (चौकी अंजोरा) में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत धारा 316(3), 3(5), 61(2) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें खुलासा हुआ कि वाहन स्वामी तरुण यादव ने फर्जी किरायानामा तैयार कर ट्रक को परिवहन कार्य में लगाया। ट्रांसपोर्टर से ऑर्डर मिलने पर माल लोड कर उसे पार्टी के पास न पहुंचाकर अपने परिचित कबाड़ी आमिर खान को बेच दिया गया। इसके बाद ट्रक को चोरी होना बताकर कटवाने और रकम आपस में बांटने की योजना बनाई गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रक (कीमत लगभग 20 लाख रुपये), प्रकरण से संबंधित 15 हजार रुपये नकद एवं चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को 25 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।
इस कार्रवाई में थाना पुलगांव एवं चौकी अंजोरा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:
- मोहम्मद साहिबे आलम उर्फ समीर (25 वर्ष), जिला प्रयागराज (उ.प्र.), हाल पता गांजीनगर, वीरगांव, खमतराई, रायपुर
- अरबाज खान (25 वर्ष), इलाहाबाद (उ.प्र.), हाल पता वीरगांव, रायपुर
- तरुण कुमार यादव (29 वर्ष), धरमजयगढ़, जिला रायगढ़, हाल पता राजेंद्र नगर, रायपुर
- आमिर खान (31 वर्ष), निवासी उरता, जिला रायपुर














