छावनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे में सूने मकान की चोरी सुलझी

भिलाई : भिलाई के कैंप-01 क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने एक दिन के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद किया गया है।
गुपचुप मोहल्ला निवासी 23 वर्षीय महिला ने 14 फरवरी 2026 को थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात के समय अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर आलमारी से चांदी के जेवर, मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर चांदी के आभूषण, चार मोबाइल फोन और नगदी रकम जब्त की गई। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से सूने घर को निशाना बनाया था।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर खाली छोड़ते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।














