
दुर्ग: राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (दुर्ग–रायपुर मार्ग) पर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। 20 फरवरी 2026 को आयोजित इस अभियान के दौरान चिन्हित ग्रे एवं ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सघन निगरानी रखी गई।
अभियान के तहत इंटरसेप्टर वाहन, स्पीड गन एवं कैमरा उपकरण की मदद से वाहनों की गति की जांच की गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 112/183(1A) के अंतर्गत कुल 52 चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई।
जो वाहन चालक मौके पर नहीं रुके, उनके विरुद्ध ई-चालान प्रणाली के माध्यम से वैधानिक कार्रवाई की गई। तेज रफ्तार और रैश ड्राइविंग के विरुद्ध यह सख्त प्रवर्तन अभियान सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संचालित किया गया।

सराहनीय कार्य
यातायात प्रभारी के निर्देशन में इंटरसेप्टर टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सतत निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, रैश ड्राइविंग से बचें और यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन करें। सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।














