
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी और हीटवेव से परेशान लोगों को अब राहत मिलने लगी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने तेज हवाओं, मेघगर्जन और बारिश को लेकर यलो एवं ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले घंटों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज से पूरे प्रदेश में मेघगर्जन, तेज हवाओं, वज्रपात और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। कई इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
27 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए प्रदेश के 27 जिलों में बारिश, तेज आंधी, बिजली गिरने और बादल गरजने का अलर्ट जारी किया है। जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
यलो अलर्ट वाले जिलों में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया शामिल हैं।
रायपुर में बदला रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने की चेतावनी दी है। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि बारिश और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।













