
दुर्ग/ 5 जून/नगर पालिक निगम द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता एवं सौन्दर्याकरण कार्य लगातार किए जा रहे हैं। शहर के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों एवं दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग्स एवं स्वच्छता संदेशों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है। शहर की दीवारें अब स्वच्छता का संदेश देते हुए नई पहचान बना रही हैं।नगर निगम प्रशासन द्वारा नागरिकों से विनम्र अपील की गई है कि सार्वजनिक स्थानों एवं दीवारों पर थूकें नहीं, कचरा इधर-उधर न फैलाएं तथा स्वच्छता बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें। स्वच्छ और सुंदर शहर निर्माण में जनभागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए निगम लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है।
दुर्ग की महापौर अलका बाघमार एवं आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ शहर जोड़ी” पहल के अंतर्गत दुर्ग शहर स्वच्छता एवं सौन्दर्याकरण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। शहर में किए जा रहे वॉल पेंटिंग, सफाई व्यवस्था, नागरिक सहभागिता एवं सिटीजन फीडबैक जैसे कार्यों का सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है। निगम का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता विकसित करना भी है।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि स्वच्छ शहर हर नागरिक की पहचान होता है और शहर को सुंदर बनाए रखने में आम जनता की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए निरंतर सफाई अभियान, कचरा प्रबंधन एवं सौन्दर्याकरण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें तथा शहर को देश के स्वच्छ शहरों में शामिल कराने में सहयोग दें।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता एवं सौन्दर्याकरण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। दीवारों पर बनाई जा रही आकर्षक पेंटिंग्स एवं संदेश नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम की टीम लगातार मैदानी स्तर पर कार्य कर रही है और स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य प्रभारी नीलेश अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग मिलकर शहर को साफ रखने का संकल्प लें तो दुर्ग शहर स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।











