
रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे सड़क संपर्क टूट गया है और यातायात बाधित हो गया है। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जबकि प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है।
बीजापुर में सैकड़ों गांवों का संपर्क टूटा
बीजापुर जिले में लगातार बारिश के कारण बारेगुड़ा, गंगालूर समेत कई प्रमुख मार्ग बंद हो गए हैं। कई स्थानों पर पानी सड़कों के ऊपर से बह रहा है, जिससे सैकड़ों गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। यातायात पूरी तरह ठप होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महासमुंद में बाढ़ जैसे हालात
महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम सेवाती में भारी बारिश के कारण मुख्य सड़क का एक हिस्सा बह गया है। इसके चलते कई गांवों का संपर्क टूट गया है। वहीं, कलमीदादर बांध पूरी तरह भर चुका है और उसके ओवरफ्लो होने से आसपास के निचले इलाकों में पानी भर गया है। पहुंच मार्गों पर पानी बहने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
दुर्ग में शिवनाथ नदी उफान पर
दुर्ग जिले में लगातार बारिश के चलते शिवनाथ नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। महमरा एनीकट के ऊपर करीब साढ़े चार फीट पानी बह रहा है, जिसके कारण प्रशासन ने दुर्ग से महमरा गांव जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया है।
गरियाबंद में खुले सिकासेर बांध के 16 गेट
गरियाबंद जिले में भारी बारिश के कारण नगरी, धमतरी और छुरा से सड़क संपर्क टूट गया है। पन्टोरा कन्या आश्रम में जलभराव होने के कारण 50 से अधिक बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। सिकासेर बांध के 16 गेट खोल दिए गए हैं, जिससे 44 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके चलते पैरी और सोंढूर नदियां उफान पर हैं।
धमतरी में स्कूलों की छुट्टी घोषित
धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक में भी मूसलाधार बारिश के कारण कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। स्कूल परिसरों में पानी भरने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने नगरी क्षेत्र के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। गंगरेल, सोंढूर, दुधावा और मुरुमसिल्ली बांधों में लगातार पानी की आवक जारी है।
सक्ती में युवक का शव बरामद
सक्ती जिले के दमाऊ धारा झरने में नहाने के दौरान एक युवक बह गया था। डीडीआरएफ की टीम ने गुरुवार को उसका शव बरामद कर लिया।
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने तथा राहत एवं बचाव कार्यों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।













