
दुर्ग। हत्या के प्रयास के मामले में करीब सात माह से फरार चल रहे आरोपी को चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार था।
पुलिस के अनुसार, 9 जनवरी 2026 को साकेत नगर, कोहका निवासी ऋतिक प्रसाद गुप्ता (22 वर्ष) ने चौकी स्मृतिनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह देर रात अपने मित्र के पीजी से पढ़ाई कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते सोनू यादव, अमन साव, ऋषभ तिवारी और प्रियांशु वासुराज उर्फ वासु कुमार ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने पहले अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हाथ-मुक्कों, डंडे और हाथ में पहने कड़े से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सात महीने बाद गिरफ्तारी
मामले में थाना सुपेला के अंतर्गत चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने लगातार फरार चल रहे आरोपी प्रियांशु वासुराज उर्फ वासु कुमार (25 वर्ष) की तलाश जारी रखी।
तकनीकी और मैदानी स्तर पर लगातार की गई पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
बिहार का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी प्रियांशु वासुराज उर्फ वासु कुमार मूल रूप से बढ़ोनिया, थाना संग्रामपुर, जिला मुंगेर (बिहार) का निवासी है। वर्तमान में वह अवंति बाई चौक, केयर अस्पताल के पास, कोहका, भिलाई में रह रहा था।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।













