
दुर्ग। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जल जन कलश यात्रा के दुर्ग पहुंचने पर जिला भाजपा युवा मोर्चा द्वारा शासकीय साइंस कॉलेज के ऑडिटोरियम में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए विकसित भारत 2047 की संकल्पना, सेवा भाव, राष्ट्र निर्माण और ‘मेरे सपनों का भारत’ के विषय पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में जल जन कलश यात्रा के नेतृत्वकर्ता राज्यसभा सांसद श्री राजेश शुक्ल, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री राहुल टिकरिया, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक, विधायक श्री ललित चंद्राकर, जिला भाजपा उपाध्यक्ष एवं साइंस कॉलेज जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री शिवेंद्र सिंह परिहार, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री हिमांशु सिंह तथा कॉलेज के प्राचार्य श्री ए.के. सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
युवाओं से बोले उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि युवा शक्ति देश के वर्तमान को ऊर्जा देने के साथ ही भारत के भविष्य की दिशा तय करने वाली शक्ति है। आज देश जिस गति से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है, उसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के संकल्प और सहभागिता से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है।
उन्होंने कहा कि हम सभी का मानवीय जीवन मानव सेवा के लिए होना चाहिए। सेवा का भाव केवल किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना ही वास्तविक सेवा है। युवाओं को अपने ज्ञान, प्रतिभा, समय और ऊर्जा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में करना चाहिए।
श्री साव ने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ ऐसा भारत है, जहां हर युवा को अवसर मिले, हर नागरिक सम्मान के साथ जीवन जी सके और देश आत्मनिर्भर एवं विकसित बने। युवाओं को अपने सपनों को राष्ट्र के सपनों से जोड़ते हुए नवाचार, शिक्षा, तकनीक, उद्यमिता, सामाजिक सेवा और जनभागीदारी के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता है। आज आवश्यकता है कि युवा केवल अपने लिए आगे बढ़ने का लक्ष्य न रखें, बल्कि समाज और देश के लिए भी कुछ करने का संकल्प लें। सेवा, संस्कार और संकल्प के साथ आगे बढ़कर युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक ने कहा
जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुरेंद्र कौशिक ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनभागीदारी की भावना से जोड़ना है। युवाओं में ऊर्जा, क्षमता और नेतृत्व का गुण होता है, इसलिए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए समाज के प्रति सेवा भाव के साथ कार्य करना होगा। ‘मेरे सपनों का भारत’ की कल्पना तभी साकार होगी, जब युवा अपने व्यक्तिगत लक्ष्यों के साथ सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों को भी प्राथमिकता देंगे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने विकसित भारत 2047, सेवा, जनभागीदारी एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर संवाद किया तथा अपने विचार भी साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री युवा मोर्चा श्री अनिकेत यादव ने किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
















