
दुर्ग। थाना पुलगांव क्षेत्र में आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना पुलगांव को मुखबिर से सूचना मिली कि नदी रोड स्थित पानी टंकी के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय का वातावरण बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्रांत उर्फ विक्की चंद्राकर (उम्र 27 वर्ष), निवासी ग्राम कुनारी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक नग लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी थाना पुलगांव का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध पूर्व में 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है।
जिला बदर अवधि के दौरान क्षेत्र में मौजूद रहकर सार्वजनिक शांति भंग करने तथा होली पर्व के मद्देनजर संभावित गंभीर अपराध की आशंका को देखते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना पुलगांव के थाना प्रभारी एवं पेट्रोलिंग टीम की त्वरित और सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियार रखने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।














