पुलगांव-अंडा मुख्य मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ‘जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी’ ने दुर्ग कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; जल्द स्पीड ब्रेकर बनाने का मिला आश्वासन

दुर्ग:दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले व्यस्त पुलगांव-अंडा मुख्य मार्ग पर बेकाबू रफ्तार और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आज जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की। पार्टी के उपाध्यक्ष कामेश्वर साहू एवं समस्त क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में कलेक्टर महोदय को एक औपचारिक आवेदन सौंपकर मार्ग पर अतिशीघ्र गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) और गति-सीमा संकेतक बोर्ड लगाने की मांग की गई।
सड़क दुर्घटनाओं से सहमे लोग, मवेशियों और इंसानों की जा रही जान:
ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर को अवगत कराया गया कि पुलगांव से अंडा को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग इन दिनों अत्यधिक व्यस्त और संवेदनशील हो चुका है। मार्ग पर 24 घंटे भारी वाहनों, स्कूल बसों, दोपहिया वाहनों और राहगीरों की भारी आवाजाही लगी रहती है। वर्तमान में एक भी स्पीड ब्रेकर न होने के कारण वाहन चालक अत्यधिक तेज गति से गाड़ियां चलाते हैं। इस अनियंत्रित गति की वजह से आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें कई मासूम इंसानों और मवेशियों की अकाल मृत्यु हो चुकी है। यह पूरा हिस्सा अब एक खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट’ में तब्दील हो चुका है।
पार्टी ने इन 4 प्रमुख संवेदनशील चौकों पर की स्पीड ब्रेकर की मांग:
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित चार प्रमुख स्थानों पर अनिवार्य रूप से गति अवरोधक बनाने की मांग उठाई है:
1. कोलिहापुरी स्कूल चौक
2. कोनारी– भानपुरी मोड़ चौक
3. कोनारी– भरदा मोड़ चौक
4. कुथरेल शासकीय स्कूल चौक
कलेक्टर ने दिया त्वरित कार्रवाई का आश्वासन:
क्षेत्र की जनता और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए दुर्ग जिला कलेक्टर ने इस संवेदनशील विषय को बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि आम जनता की सुरक्षा के लिए इस मार्ग पर जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर और गति-सीमा संकेतक बोर्ड लगाने की उचित कार्रवाई की जाएगी।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यदि प्रशासन जल्द कदम उठाता है, तो भविष्य में होने वाली अनहोनी और आकस्मिक दुर्घटनाओं से कई परिवारों के चिराग उजड़ने से बच जाएंगे। इस जन-कल्याणकारी कार्य के लिए क्षेत्र की समस्त जनता प्रशासन की सदैव आभारी रहेगी।
















