मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया अछोटी का आकस्मिक दौरा, महतारी सदन निर्माण की गुणवत्ता का निरीक्षण कर दी मिसाल

धमधा (दुर्ग)। सुशासन तिहार के तहत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज धमधा विकासखंड अंतर्गत ग्राम अछोटी का औचक दौरा किया। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सीधे अछोटी पहुंचे और डायट कॉलेज परिसर में 29 लाख 20 हजार रुपये की लागत से निर्माणाधीन महतारी सदन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और खुद अपने हाथों से भवन के कॉलम की तराई कर निर्माण में मजबूती और पारदर्शिता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण का केंद्र बनेगा, जहां सामुदायिक संवाद और सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री मुरमुंदा पहुंचे, जहां उन्होंने अटल आवास योजना के अंतर्गत निर्मित 226 आवासों का लोकार्पण किया। उन्होंने हितग्राही श्री तुषार को आवास की चाबी सौंपते हुए गृह प्रवेश भी कराया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। इसके तहत पूरे प्रदेश में समाधान शिविर, निरीक्षण दौरे, योजनाओं की समीक्षा और त्वरित क्रियान्वयन की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
श्री साय के लगातार दौरे, शिविरों में सक्रिय भागीदारी और जनसमस्याओं का समाधान शासन और जनता के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी बन रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसेवा की भावना से कार्य करें और सुशासन के संकल्प को जमीनी हकीकत बनाएं।














