सेठ रतनचंद सुराना कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर NSUI का विरोध, दो दिन में सुधार की चेतावनी

दुर्ग | दुर्ग विधानसभा के अंतर्गत स्थित सेठ रतनचंद सुराना कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर आज NSUI कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया। कॉलेज परिसर में पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, बैठने की समुचित व्यवस्था और साफ-सफाई जैसी आवश्यक सुविधाओं के अभाव को देखते हुए कॉलेज प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा गया।
यह ज्ञापन NSUI जिला अध्यक्ष गुरलिन सिंह के निर्देशानुसार दुर्ग विधानसभा अध्यक्ष वरुण केवलतानी के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान कॉलेज NSUI अध्यक्ष अमान अशरफी, शाशवत पाण्डेय, कुणाल चंद्राकर, कैलाश देशमुख, जीतू यादव, प्रियांश लेखवानी, पंकज सिन्हा सहित कई NSUI कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
2 दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो होगा उग्र आंदोलन
NSUI ने कॉलेज प्रशासन को दो दिन का समय देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में छात्रों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो छात्र हितों की रक्षा के लिए उग्र आंदोलन किया जाएगा। NSUI नेताओं ने कहा कि इस आंदोलन की पूर्ण जिम्मेदारी कॉलेज प्रबंधन की होगी।
NSUI का यह कदम छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर लगातार बढ़ते असंतोष का संकेत है। अब देखना यह होगा कि कॉलेज प्रशासन इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है।














