पत्रकार सुरक्षा कानून पर राज्यपाल का संज्ञान, छत्तीसगढ़ सरकार को लिखा पत्र


बिलासपुर| छत्तीसगढ़ में लंबे समय से लंबित पड़े पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर एक अहम पहल सामने आई है। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति छत्तीसगढ़ द्वारा विधायकों के माध्यम से राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन के बाद इस दिशा में बड़ी प्रगति हुई है।
इस क्रम में समिति के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद शर्मा और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश परिहार ने कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा था। विधायक श्रीवास्तव ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत संज्ञान लिया और स्वयं भी राज्यपाल को पत्र लिखकर पत्रकार सुरक्षा कानून को शीघ्र लागू करने का आग्रह किया।
विधायक अटल श्रीवास्तव (कांग्रेस) ने कहा कि “प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून की आवश्यकता वर्षों से महसूस की जा रही है। भूपेश बघेल सरकार ने इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कानून का ड्राफ्ट तैयार किया था और उसे विधानसभा से पास भी कराया गया था। लेकिन तत्कालीन राज्यपाल द्वारा हस्ताक्षर न किए जाने के कारण यह कानून अधर में लटक गया। अब वर्तमान सरकार को इसे जल्द लागू करना चाहिए। कांग्रेस इस कानून के समर्थन में पत्रकारों के साथ खड़ी है।”
राज्यपाल महोदय ने इस विषय पर संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखकर पत्रकार सुरक्षा कानून को लागू करने हेतु विधिसम्मत कार्यवाही कर अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। यह विकास प्रदेश के पत्रकारों के लिए राहत और उम्मीद की किरण बनकर आया है।
पत्रकार सुरक्षा समिति ने इसे लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक सकारात्मक पहल बताया है और आशा व्यक्त की है कि मौजूदा सरकार पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जल्द निर्णय लेगी।















