सचिन पायलट का छत्तीसगढ़ दौरा: चैतन्य बघेल से मुलाकात कर भाजपा पर जमकर बरसे

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट शनिवार को रायपुर पहुंचे और रायपुर सेंट्रल जेल में शराब घोटाले के आरोप में बंद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल और पूर्व मंत्री कवासी लखमा से मुलाकात की।जेल से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में पायलट ने कहा कि चैतन्य बघेल ने स्पष्ट कहा है कि वे पूरी मजबूती के साथ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और किसी भी दबाव में नहीं आएंगे।
भाजपा पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
सचिन पायलट ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा विपक्षी नेताओं को डराने और दबाने के लिए ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा, “पिछले 10 वर्षों में केंद्र सरकार एक भी भाजपा नेता पर जांच नहीं कर पाई, लेकिन विपक्ष के नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।”
भाजपा द्वारा यह कहे जाने पर कि चैतन्य बघेल कांग्रेस के सदस्य नहीं हैं, फिर भी पार्टी उनका बचाव क्यों कर रही है— इस पर पायलट ने कहा, “भूपेश बघेल और उनका परिवार कांग्रेस परिवार का हिस्सा है। यह कार्रवाई सीधे-सीधे भूपेश बघेल को टारगेट करने की साजिश है।”
राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं की बैठक
जेल दौरे के बाद सचिन पायलट कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में प्रभारी सचिव विजय जांगिड़, सह प्रभारी जरिता लैतफलांग, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेश में कांग्रेस संगठन की रणनीति, कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने और भाजपा के खिलाफ आक्रामक राजनीतिक अभियान को लेकर चर्चा की गई।













