3 अगस्त को व्यापमं की प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा, 3078 अभ्यर्थी होंगे शामिल

कबीरधाम। व्यापमं रायपुर द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार, 3 अगस्त को किया जाएगा। यह परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित होगी। कबीरधाम जिले में परीक्षा के लिए कुल 10 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहाँ 3078 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।
परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, और अभ्यर्थियों को मूलभूत सुविधाएँ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने साफ कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन का प्रयास है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो।














