BREAKING NEWS : लूट की झूठी कहानी बनाकर 11.79 लाख हड़पने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े 11 लाख 79 हजार 800 रुपये की कथित लूट की सूचना से सनसनी फैल गई थी, लेकिन पुलिस की सूझबूझ और सख्त पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। लूट की यह कहानी पूरी तरह फर्जी निकली और इसका मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि खुद सूचनाकर्ता दीपेश देवांगन निकला।


झूठी लूट की कहानी रचकर गबन की कोशिश
आरोपी दीपेश देवांगन (पिता शत्रुघ्न देवांगन, उम्र 25 वर्ष, निवासी चोरिया, थाना सारागांव) ने 1 अगस्त को शाम 5 बजे थाना बम्हनीडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ग्राम करनौद निवासी किरीत सिन्हा से 11,79,800 रुपये लेकर यूनियन बैंक चांपा में जमा करने जा रहा था। इसी दौरान पूछेली गांव के पास बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोककर मारपीट कर नकदी और लैपटॉप लूट लिया।
पुलिस की सतर्कता में टूटी झूठी कहानी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी, साइबर सेल की सहायता एवं घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। परंतु घटनास्थल पर किसी भी प्रकार के लूट के साक्ष्य नहीं मिले।
सूचना देने में विलंब, बयानबाजी में विरोधाभास और संदिग्ध व्यवहार के चलते जब आरोपी दीपेश देवांगन से कड़ाई से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और कबूल कर लिया कि उस पर करीब 8 लाख रुपये का कर्ज है। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने गबन की योजना बनाई और लूट की झूठी कहानी गढ़ी।
आरोपी के घर से पूरी नकदी व लैपटॉप बरामद
पुलिस ने आरोपी के ग्राम चोरिया स्थित निवास से किरीत सिन्हा से ली गई संपूर्ण नकदी ₹11,79,800 रुपये एवं लैपटॉप बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 70/2025 धारा 217, 316(2) BNS (पुलिस को झूठी सूचना देकर भ्रमित करना) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
हवाला और लेनदेन में था लिप्त आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2018 से एकाउंटिंग, हिसाब-किताब, खरीदी-बिक्री और हवाला से संबंधित कार्यों में संलिप्त रहा है। मेडिकल, कपड़ा दुकान, छड़, सीमेंट और कृषि केंद्रों से कच्चे-पक्के रूप में धन का लेन-देन करता रहा है।
पुलिस की अपील: झूठी सूचना देने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह न करे। ऐसा करने पर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्यवाही में निरीक्षक सागर पाठक (साइबर सेल प्रभारी), सउनि विवेक सिंह, आरक्षक सहबाज खान, प्रदीप दुबे, श्रीकांत सिंह, रोहित कहरा एवं थाना बम्हनीडीह से सउनि नीलमणि कुसुम का विशेष योगदान रहा।














