
दुर्ग । शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की संयुक्त टीम ने सहेली ज्वेलर्स के संचालक सुनील जैन के ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई कथित तौर पर छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई। टीम ने जैन से पूछताछ शुरू कर दी है और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अहम दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।
इसी क्रम में, ईडी की एक अन्य टीम ने आईपीएस अधिकारी अभिषेक पल्लव के निवास पर भी छापा मारा। यह कार्रवाई महादेव बैटिंग एप प्रकरण से संबंधित बताई जा रही है। यहां भी एजेंसियों ने तलाशी के दौरान कई रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच शुरू कर दी है।
शराब घोटाला और महादेव ऐप, दोनों ही मामले इन दिनों छत्तीसगढ़ में राजनीतिक और आर्थिक हलचल का कारण बने हुए हैं। संयुक्त कार्रवाई को इन मामलों में पुख्ता सबूत जुटाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
हालांकि, अब तक ED या CBI की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। छापेमारी की खबर फैलते ही शहर में चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, यह अभियान देर शाम तक चल सकता है और कुछ और ठिकानों पर भी कार्रवाई संभव है।














