दुर्ग में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 22 किलोग्राम गांजा जप्त, 3 गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का बड़ा मामला उजागर किया है। थाना मोहन नगर पुलिस ने अभियान विश्वास के तहत दुर्ग धमधा रोड, सूर्या होटल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान 22 किलोग्राम अवैध गांजा जप्त किया।
पुलिस ने बताया कि नीले और लाल काले रंग के पिट्ठु बैग लेकर आ रहे दो लोगों को पूछताछ के दौरान गोलमोल जवाब देने पर पकड़ लिया गया। तलाशी में बैगों में गांजा पाया गया। मौके पर ही विधिवत कार्यवाही करते हुए गांजे को गवाहों के सामने तौल कर शीलबंद किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उड़िसा से गांजा लेकर मुंबई ले जा रहे थे। दुर्ग निवासी राहुल तिवारी ने उड़िसा के तस्करों से गांजा कम रेट में दिलवाने और दुर्ग से मुंबई भेजने में मदद की। इसके एवज में एक लाख रुपए की राशि ट्रांसफर की जाने की बात सामने आई। राहुल तिवारी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला थाना मोहन नगर, अपराध क्रमांक 468/2025, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- साजिद अली, उम्र 45 वर्ष, शिवाजी नगर गोवंडी, मुंबई
- मोहम्मद शकील कुरैशी, उम्र 40 वर्ष, शिवाजी नगर गोवंडी, मुंबई
- राहुल तिवारी, उम्र 29 वर्ष, बैजनाथ पारा, दुर्ग
पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।














